बागपत में अहेड़ा रेलवे ओवरब्रिज का अधूरा निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इसके चलते बागपत-चमरावल रोड पर करीब छह महीने तक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए प्रशासन रूट डायवर्जन की तैयारी कर रहा है। एएसपी प्रवीण सिंह चौहान ने ओवरब्रिज स्थल और बागपत-चमरावल रोड का जायजा लिया।

दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर अहेड़ा फाटक के पास करीब तीन साल पहले ओवरब्रिज का निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन काम अब तक पूरा नहीं हुआ है। पिछले करीब 20 महीनों से निर्माण कार्य पूरी तरह बंद है, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोग लगातार निर्माण पूरा कराने की मांग कर रहे हैं। रेलवे अधिकारियों ने निर्माण शुरू करने से पहले पुलिस से एनओसी मांगी है, ताकि उस दौरान वाहनों का आवागमन रोका जा सके।

मंगलवार को एएसपी प्रवीण सिंह चौहान और बागपत सीओ डॉ. सुकन्या शर्मा ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने वैकल्पिक मार्गों की स्थिति और यातायात संचालन के बारे में यातायात प्रभारी निरीक्षक एनएस सिरोही से जानकारी ली। एएसपी के अनुसार, बागपत की ओर से आने वाले भारी और कमर्शियल वाहनों को महिला थाना के निकट चौराहे से गुजारा जाएगा, जबकि मुरादनगर की ओर से आने वाले वाहन ग्राम पांची चौराहे से निकलेंगे। हल्के वाहन अहेड़ा और अन्य गांवों के रास्तों से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

एएसपी ने बताया कि निर्माण को लेकर रेलवे के इंजीनियरों से वार्ता की गई है। रेलवे को जल्द एनओसी उपलब्ध कराकर रूट डायवर्जन व्यवस्था लागू की जाएगी।