बागपत के बीपी इंटर कॉलेज बिजवाड़ा में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। कॉलेज के ही शिक्षक सुभाष चंद्र की शिकायत पर जांच में सामने आया कि शिक्षक परमजीत सिंह और शिक्षिका चेतना सक्सेना लंबे समय से बिना ड्यूटी किए वेतन ले रहे थे। डीआईओएस राजीव कुमार यादव ने बताया कि जीआईसी के प्रधानाचार्य अंतरिक्ष कुमार के नेतृत्व में गठित कमेटी ने मामले की जांच की।

जांच के मुताबिक परमजीत सिंह की नियुक्ति मृतक आश्रित कोटे से वर्ष 2012 में और चेतना सक्सेना की नियुक्ति उ.प्र. शिक्षा सेवा चयन आयोग से वर्ष 2017 में हुई थी। डीआईओएस के अनुसार दोनों शिक्षक नियुक्ति के दिन से आज तक विद्यालय नहीं आए, लेकिन उन्हें नियमित रूप से वेतन जारी होता रहा। परमजीत 14 साल और चेतना सात साल से घर बैठे तनख्वाह ले रहे थे। शिकायत करीब एक माह पहले शिक्षा अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक की गई थी।

डीआईओएस ने बताया कि दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है और प्रबंधक निर्भय सिंह को दोनों को बर्खास्त करने के निर्देश दिए गए हैं। वेतन के रूप में निकाली गई धनराशि की वसूली की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है। जांच अधिकारी ने पाया था कि शिक्षिका चेतना सक्सेना मेरठ में कोचिंग सेंटर संचालित करती हैं। फर्जीवाड़े की जांच सामने आने के बाद उन्होंने कॉलेज में अपना इस्तीफा भिजवा दिया है।

मामला सामने आने के बाद कॉलेज से लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय तक खलबली मची हुई है। वेतन की प्रक्रिया प्रधानाचार्य और प्रबंधक की संस्तुति के साथ सहायक वित्त लेखाधिकारी, डीआईओएस और कोषागार की मुहर के बाद पूरी होती है, लेकिन इतने लंबे समय तक किसी की नजर इस पर नहीं पड़ी।