राज्यपाल ने बहराइच में 1995 के तिहरे हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहे बृजलाल मिश्र की सजा माफ कर दी है। जिलाधिकारी की संस्तुति पर गुरुवार शाम जिला कारागार से उन्हें रिहा कर दिया गया। जेल प्रशासन के अनुसार बीमारी और जेल में अच्छे आचरण को देखते हुए यह माफी दी गई है।
बहराइच के हरदी इलाके में वर्ष 1995 में गोकरन सिंह समेत तीन लोगों की हत्या का मामला दर्ज हुआ था। मुकदमे की सुनवाई के बाद सात सितंबर 2019 को पांच लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी और उसी दिन सभी को जेल भेज दिया गया था। इनमें हरदी के सिकंदरपुर निवासी बृजलाल मिश्र भी शामिल थे, जिन्होंने करीब आठ वर्ष जेल में बिताए।
जेल अधीक्षक राजीव कुमार सिंह के अनुसार राज्यपाल का सजा माफी का पत्र दो दिन पहले जिलाधिकारी को भेजा गया था। जिलाधिकारी की संस्तुति के बाद गुरुवार शाम करीब साढ़े छह बजे रिहाई आदेश मिलते ही बृजलाल मिश्र को कारागार से छोड़ दिया गया। जेलर अजय कुमार झा ने यह जानकारी दी। रिहाई के बाद परिवारजनों में खुशी जताई गई है।
जेल अधीक्षक के मुताबिक इस मामले में आजीवन कारावास पाने वालों में बृजलाल मिश्र, पूर्व जिपं सदस्य महाराजदीन मिश्र, कौशल किशोर शुक्ल, बृजेश्वर सिंह और राजू भुजवा शामिल थे। महाराजदीन मिश्र और कौशल किशोर शुक्ल की जेल में मौत हो चुकी है, जबकि रमेश कुमार उर्फ राजू भुजवा और बृजेश्वर सिंह अब भी जेल में सजा काट रहे हैं। बृजलाल मिश्र को महसी के भाजपा विधायक सुरेश्वर सिंह का करीबी बताया जा रहा है, और रिहाई के बाद विधायक उन्हें अपने साथ उनके घर ले गए।
