देहरादून के मसूरी रोड स्थित एक बोर्डिंग स्कूल में नौ साल के बच्चे के साथ अश्लील हरकत करने और उसे डराने-धमकाने के मामले में पोक्सो कोर्ट ने हॉस्टल वार्डन हरीश को दोषी करार देते हुए पांच साल के साधारण कारावास की सजा सुनाई है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट (पोक्सो) मंजु सिंह मुंडे की अदालत ने यह फैसला सुनाया। अदालत ने हॉस्टल में कुक का काम करने वाले रघु को बच्चे के साथ मारपीट के मामले में दोषी ठहराते हुए एक हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया और पीड़ित बच्चे को एक लाख रुपये प्रतिकर देने का आदेश भी दिया।

सहायक जिला शासकीय अधिकारी किशोर कुमार के अनुसार, मामला रायपुर थाना क्षेत्र के एक स्कूल और उससे जुड़े हॉस्टल का है। वर्ष 2020 में गाजियाबाद का नौ वर्षीय बच्चा हॉस्टल में रहकर पांचवीं कक्षा में पढ़ाई करता था। आरोप था कि वार्डन हरीश उसके साथ अश्लील हरकत करता था, उसे डराता-धमकाता था और कमरे की सफाई व झाड़ू-पोछा भी करवाता था। बच्चे ने अपनी मां को बताया था कि किसी को कुछ बताने पर वार्डन उसे बेचने की धमकी देता था, और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। कुक रघु पर भी बच्चे के साथ मारपीट का आरोप था।

अभियोजन के मुताबिक, कोरोना संक्रमण के दौरान लॉकडाउन में अधिकांश बच्चे अपने घर चले गए थे, लेकिन पीड़ित बच्चा हॉस्टल में ही रह गया था और इसी दौरान उसके साथ ये घटनाएं हुईं। बच्चे की मां ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर छह जून 2020 को रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। इस मामले में एक आरोपित की ट्रायल के दौरान मृत्यु हो गई थी।

मुकदमे की सुनवाई में अभियोजन पक्ष ने कुल छह गवाह पेश किए, जिनमें पीड़ित की मां, पीड़ित बच्चा, चिकित्सक, पुलिसकर्मी, विवेचक और स्कूल का लिपिक शामिल थे। अदालत में बच्चे ने भी अपने साथ हुई घटनाओं के संबंध में बयान दिए। अदालत ने मेडिकल रिपोर्ट और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों को महत्वपूर्ण माना। बचाव पक्ष ने स्कूल फीस के विवाद और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध न होने सहित कई तर्क रखे, लेकिन अदालत ने इन्हें दोषमुक्ति का आधार नहीं माना।