पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद (WBCHSE) आज दोपहर 2:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए कक्षा 12वीं के तीसरे सेमेस्टर का अंतिम परिणाम घोषित करेगा। बोर्ड अधिकारियों द्वारा कोलकाता के सॉल्ट लेक स्थित विद्यासागर भवन में परिणाम घोषित किए जाने के आधे घंटे बाद, यानी दोपहर 3:00 बजे से ऑनलाइन रिजल्ट लिंक सक्रिय हो जाएगा। परीक्षार्थी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट wbchse.wb.gov.in पर जाकर अपना रोल नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करके स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसके अलावा 'डब्ल्यूबीसीएचएसई रिजल्ट्स' मोबाइल ऐप के जरिए भी परिणाम देखने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन उपलब्ध होने वाला स्कोरकार्ड अस्थायी होगा, जबकि हस्ताक्षर और मुहर वाली मूल मार्कशीट छात्रों को उनके संबंधित स्कूलों से ही प्राप्त होगी। पश्चिम बंगाल कक्षा 12वीं तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा 21 सितंबर से 14 अक्टूबर के बीच आयोजित कराई गई थी।

उम्मीदवारों और अभिभावकों की सहूलियत के लिए बोर्ड ने रिजल्ट चेक करने के निर्देश जारी किए हैं। छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर रोल नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज कर अपना परिणाम देख सकते हैं और स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। मोबाइल ऐप से भी रिजल्ट देखा जा सकता है।