झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत रांची के खेलगांव में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में जामताड़ा जिले के करेला आधारित उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है। जिले की ओर से कुल चार स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जिनमें सबसे खास आकर्षण करेला और उससे तैयार प्राकृतिक करेला रस है। इस बार जिले में करेला को 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' (ODOP) के रूप में स्थापित करने की पहल की गई है।
जामताड़ा के नाला विधानसभा क्षेत्र समेत अन्य प्रखंडों में बड़े पैमाने पर करेले की खेती होती है। जिला प्रशासन और ODOP योजना के सहयोग से उद्यमी समूह (EHG) के सदस्य ताजे करेलों से प्राकृतिक करेला रस तैयार कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, इस रस में कृत्रिम रंग, चीनी और प्रिजर्वेटिव का इस्तेमाल नहीं किया जाता। प्रदर्शनी में करेला चिप्स और करेला अचार भी दिखाए जाएंगे। स्टॉल पर महिला उद्यमी अपने उत्पादों का प्रदर्शन और प्रचार-प्रसार करेंगी।
राज्यस्तरीय आयोजन में जामताड़ा की भागीदारी चार अलग-अलग स्टॉल के जरिए होगी। ODOP स्टॉल पर कृषि विभाग की ओर से करेला आधारित उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके अलावा महिला स्वयं सहायता समूहों की उद्यमशीलता, उत्पादक समूहों (FPO) की व्यावसायिक गतिविधियों तथा जिले के पर्यटन स्थलों और संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इस पहल से ग्रामीण उत्पादों, महिला समूहों और स्थानीय उद्यमों को राज्यस्तरीय पहचान मिलने की उम्मीद है।
जिला कृषि पदाधिकारी अनूप कुमार हेंब्रम के अनुसार, फतेहपुर प्रखंड में सबसे अधिक मात्रा में करेले का उत्पादन होता है, जबकि बाकी प्रखंडों में भी इसकी खेती हो रही है। यहां करेले का उपयोग सब्जी के अलावा जूस, चिप्स और अचार के रूप में किया जा रहा है। उन्होंने इसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इसी कारण इस उत्पाद को स्थापना दिवस समारोह में रांची के स्टॉल पर प्रदर्शित किया जा रहा है, जिसके बाद इसकी मांग बढ़ने की संभावना है।
