औद्योगिक नगरी भिवाड़ी में वायु प्रदूषण को काबू करने के लिए नगर परिषद पानी का छिड़काव और सड़कों की सफाई करा रही है, लेकिन इसके बावजूद लोगों को प्रदूषण से राहत नहीं मिल रही है। गौरव पथ पर पानी के टैंकर पर लगी एंटी स्मॉग गन (मिस्ट कैनन) से पानी की महीन फुहारें छोड़ी जा रही हैं और रोड स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की सफाई हो रही है। बृहस्पतिवार को रीको औद्योगिक क्षेत्र फेज-3 स्थित प्रदूषण निगरानी केंद्र पर एक्यूआई 268 और वसुंधरा नगर यूआईटी स्थित केंद्र पर 237 दर्ज किया गया।
नवंबर में कई दिनों तक वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 से ऊपर रहा। पांच नवंबर को रीको क्षेत्र में एक्यूआई 337, आठ नवंबर को 342 और 12 नवंबर को 339 दर्ज किया गया था। महीने के अधिकांश दिनों में भी प्रदूषण का स्तर खराब बना रहा।
शहर में प्रदूषण बढ़ने के पीछे कई स्थानीय कारण सामने आ रहे हैं। फुटपाथों पर अतिक्रमण से पैदल राहगीरों को परेशानी होती है, जबकि सड़कों पर वाहनों का जाम और कंडम वाहनों का संचालन भी प्रदूषण की समस्या को बढ़ा रहा है। औद्योगिक क्षेत्र में टूटी सड़कों से उड़ने वाली धूल हवा को प्रदूषित कर रही है और वाहनों की आवाजाही के दौरान सड़कों पर जमा धूल वातावरण में फैलती है।
ऐसे में केवल पानी के छिड़काव और मशीनों से सफाई पर्याप्त नहीं है। प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत, फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने, कंडम वाहनों पर कार्रवाई और नियमित सफाई की जरूरत है।
