कोलकाता में एक फूड आउटलेट को दो प्लेट चिकन मोमोज की पैकिंग के लिए ग्राहक से 10 रुपये अतिरिक्त वसूलने पर उपभोक्ता आयोग ने 50,000 रुपये जमा करने का आदेश दिया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक ग्राहक ने 29 अक्टूबर को आउटलेट से चिकन मोमोज की दो प्लेटें खरीदी थीं, जिनमें हर प्लेट की कीमत 109 रुपये थी। बिल में पैकेजिंग के नाम पर 10 रुपये अतिरिक्त जोड़े गए थे। ग्राहक ने बाद में बिल देखकर रिफंड की मांग की, लेकिन आउटलेट ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद ग्राहक ने उपभोक्ता अदालत में शिकायत दर्ज कराई।

आउटलेट ने अपने बचाव में दावा किया कि ग्राहक ने खुद अतिरिक्त पैकेजिंग की मांग की थी ताकि मोटरसाइकिल पर खाना ले जाते समय वह बिखरे नहीं, और पैकेजिंग चार्ज के बारे में उसे पहले ही बता दिया गया था। आयोग ने इन दलीलों को खारिज करते हुए कहा कि आउटलेट अपनी बात साबित नहीं कर पाया।

सुनवाई कर रही पीठ ने सेल्स ऑफ गुड्स एक्ट, 1930 की धारा 36(5) का हवाला देते हुए कहा कि जब तक ग्राहक और दुकानदार के बीच कोई समझौता न हो, सामान को डिलीवरी के योग्य बनाने का खर्च विक्रेता पर ही होता है। आयोग ने आउटलेट को ग्राहक से वसूले गए 10 रुपये लौटाने का आदेश दिया। साथ ही ग्राहक को मुआवजे के रूप में 100 रुपये और मुकदमेबाजी के खर्च के रूप में 2,000 रुपये देने का भी निर्देश दिया। आयोग ने कंपनी को अपने 'कंज्यूमर लीगल एड अकाउंट' में 50,000 रुपये जमा करने का आदेश भी दिया है।

इसी महीने की शुरुआत में फूड डिलीवरी ऐप स्विगी पर भी ऐसा ही मामला सामने आया था। एक ग्राहक की शिकायत पर स्विगी पर 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था। शिकायत के मुताबिक रेस्टोरेंट ग्राहक के घर से 9.7 किलोमीटर दूर था, लेकिन ऐप ने डिलीवरी की दूरी बढ़ाकर 14 किलोमीटर दिखाई और 103 रुपये डिलीवरी फीस ली। इसके बाद उपभोक्ता अदालत ने स्विगी पर करीब 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था।