लखनऊ के विपुल खंड-1 स्थित सहारा शहर में गुरुवार शाम करीब साढ़े छह बजे भीषण आग लग गई। आग परिसर के मुख्य गेट के पास बनी सुब्रत राय की एग्जीबिशन गैलरी में लगी थी, और देखते ही देखते आग ने पूरी गैलरी को अपनी चपेट में ले लिया। करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद रात 10 बजे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद भी काफी देर तक धुआं उठता रहा। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग की सूचना मिलते ही गोमती नगर फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए हजरतगंज, चौक, इंदिरानगर, आलमबाग, बीकेटी, सरोजनी नगर, गोसाईंगंज और पीजीआइ समेत विभिन्न फायर स्टेशनों से कुल 15 गाड़ियां बुलाई गईं। अग्निशमन कर्मियों ने आग बुझाने के लिए 42 मीटर ऊंचे हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया। नगर निगम ने परिसर में हाईमास्ट लाइट लगाईं, ताकि अंधेरे में राहत और बचाव कार्य में दिक्कत न हो। इसके अलावा आठ जेसीबी, पानी के टैंकर और एंटी स्मोक गन भी मौके पर मंगाई गई।

सहारा शहर के मुख्य गेट के दाहिनी ओर सुब्रत राय ने एग्जीबिशन सेंटर और गैलरी बनवाई थी, जिसमें उनके जीवन के सफर को दर्शाया गया था। गैलरी में प्रसिद्ध खिलाड़ियों और हाईप्रोफाइल हस्तियों के साथ उनकी मुलाकातों तथा सहारा समूह की यात्रा से जुड़ी यादें संजोई गई थीं। इसमें वह स्कूटर भी रखा गया था, जिससे सुब्रत राय ने अपने करियर की शुरुआत की थी। आग में गैलरी के भीतर रखा यह सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

सहारा शहर को छह अक्टूबर 2026 को लीज की शर्तों का उल्लंघन करने पर नगर निगम ने सील कर दिया था। तब से परिसर में आम लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित है और नगर निगम का ईटीएफ बल यहां सुरक्षा में तैनात रहता है। बताया जा रहा है कि परिसर में बिजली का कनेक्शन भी नहीं है, ऐसे में बंद परिसर के भीतर आग लगने की वजह को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मुख्य गेट पर पेट्रोल और डीजल के कई कनस्तर भी रखे मिले। सुरक्षा कर्मियों के मुताबिक, इन्हें परिसर के अंदर पेट्रोल पंप से चोरी करने वाले कुछ लोगों से पकड़ा गया था और इस संबंध में पुलिस से शिकायत भी की गई थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने बताया कि शुरुआती सूचना पर गोमती नगर से दमकल की गाड़ी भेजी गई थी और आग की स्थिति को देखते हुए अन्य फायर स्टेशनों से भी गाड़ियां बुलानी पड़ीं। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।