बख्तियारपुर के रवाईच निवासी गौरव कुमार उर्फ गोलू की गुमशुदगी का मामला हत्या में बदल गया है। पुलिस के अनुसार घटना के दिन आरोपियों ने राकेश कुमार से संपर्क कर नाव का भाड़ा तय किया। इसके बाद राकेश ने घोसवरी में नाव उपलब्ध कराया, जिसे उसका भाई मुकेश कुमार चला रहा था। पुलिस के मुताबिक मृतक और आरोपी नाव से चिरैया के सामने बीच गंगा में पहुंचे, जहां आरोपियों ने गोलू को गोली मारकर हत्या कर दी और शव को बीच गंगा में फेंक दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सालिमपुर थाना के ग्यासपुर महाजी निवासी नाविक राकेश और उसके भाई मुकेश शामिल हैं। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर नाव से खून के धब्बे जब्त कर एफएसएल को जांच के लिए भेजा है। राकेश और मुकेश को बुधवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
शव की तलाश के लिए पुलिस ने मछुआरों और एसडीआरएफ के सहयोग से तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। हत्या की सूचना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। पुलिस हत्या के कारणों और घटना में शामिल आरोपितों की संख्या का खुलासा नहीं कर पा रही है।
थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने बताया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा हो जाएगा।
