माघ मेला 2027 को लेकर प्रयागराज में बिजली व्यवस्था की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने गुरुवार को मेला क्षेत्र में भूमि पूजन किया। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए पिछले मेले के मुकाबले इस बार बिजली व्यवस्था में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी।
मेला क्षेत्र में 29 सब स्टेशन बनाए जाएंगे और 23,120 बिजली के पोल लगाए जाएंगे। रोशनी के लिए 27,500 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जबकि पिछले माघ मेले में 25 हजार स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं। बिजली आपूर्ति के लिए डीजी सेट की संख्या 28 से बढ़ाकर 32 की जा रही है और सोलर एलईडी स्ट्रीट लाइटों की संख्या 500 से बढ़ाकर 600 की जाएगी।
शिविरों में बिजली कनेक्शन की संख्या पिछले मेले के 66,220 के मुकाबले करीब 10 हजार बढ़ाई जाएगी, ताकि सभी शिविरों तक पर्याप्त बिजली पहुंच सके। प्रबंध निदेशक के अनुसार मेला क्षेत्र के सभी कार्य 25 दिसंबर तक पूरे कर लिए जाएंगे, जबकि जरूरत पड़ने पर 31 दिसंबर तक भी काम चलेगा।
बिजली आपूर्ति बाधित होने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के लिए फीडरों पर आरएमयू (रिंग मेन यूनिट) लगाए जाएंगे, जिससे एक स्थान पर आपूर्ति ठप होने पर दूसरे स्रोत से बिजली बहाल की जा सकेगी। शॉर्ट सर्किट और आग की घटनाओं की रोकथाम के लिए एमसीबी लगाने की व्यवस्था भी होगी। शिकायतों और सूचनाओं के लिए मेला क्षेत्र में क्यूआर कोड की सुविधा रहेगी, जिसे स्कैन कर श्रद्धालु बिजली विभाग से जानकारी ले सकेंगे और शिकायत दर्ज करा सकेंगे। भूमि पूजन में मुख्य अभियंता राजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता केके सारस्वत और अधिशासी अभियंता मेला अशोक कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
