चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन की चंडीगढ़ शाखा ने बुधवार को पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर पूरे दिन धरना-प्रदर्शन किया। सुबह 10:30 बजे से शाम चार बजे तक चले इस प्रदर्शन में रेलवे के विभिन्न विभागों के कर्मचारी, यूनियन पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदर्शन में मंडल उपाध्यक्ष संदीप कुमार, शाखा सचिव गुरनीत सिंह गिल और शाखा अध्यक्ष जसबीर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
यूनियन ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने के साथ राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (यूपीएस) समाप्त करने की मांग उठाई। अन्य प्रमुख मांगों में आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट जल्द जारी करना, रेलवे के सभी विभागों में खाली पदों को तत्काल भरना और सहायक कर्मचारियों की कमी दूर करना शामिल रहा। इसके अलावा ठेका प्रथा समाप्त करने, न्यूनतम पेंशन को न्यूनतम वेतन के बराबर करने और 20 साल की सेवा पूरी करने के बाद वीआरएस लेने वाले कर्मचारियों को तत्काल पेंशन लाभ देने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने सेवानिवृत्ति पर अंतिम वेतन का 50 प्रतिशत पेंशन देने, एक जनवरी 2004 से वेतन से काटी गई 10 प्रतिशत राशि ब्याज सहित वापस करने और महंगाई भत्ते (डीए) की रोकी गई तीन किस्तें जारी करने की भी मांग रखी। रेलवे क्वार्टरों के वार्षिक किराये में बढ़ोतरी की व्यवस्था में सुधार और मैनिंग सेविंग से जोड़े बिना नए पदों को मंजूरी देने की मांग भी उठाई गई।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों पर काम का बोझ लगातार बढ़ रहा है, जबकि कई विभागों में स्टाफ की कमी बनी हुई है। पेंशन से जुड़े मुद्दों और सुविधाओं की कमी को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी है। यूनियन ने कहा कि रेलवे प्रशासन को इन मांगों पर जल्द निर्णय लेना चाहिए और चेतावनी दी कि कर्मचारियों के अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा के लिए आंदोलन जारी रहेगा।
