शेख हसीना की वापसी की अटकलों के बीच बांग्लादेश ने भारत से लगी अपनी सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी है। बांग्लादेश की बार्डर गार्ड फोर्स (BGB) के डायरेक्टर जनरल मेजर जनरल मोहम्मद अशरफुज्जमान सिद्दीकी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिसम्बर में किसी भी विवादित व्यक्ति को देश में प्रवेश से रोकने के लिए सीमा पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। सिद्दीकी ने शेख हसीना का नाम नहीं लिया, लेकिन संकेत साफ था। बांग्लादेशी मीडिया आउटलेट प्रथम ऑलो की रिपोर्ट के अनुसार, BGB चीफ ने कहा कि देश की सीमा की सुरक्षा करना उनकी जिम्मेदारी है और विशेष रूप से आगामी दिसम्बर में सीमा की सुरक्षा मजबूत की गई है, ताकि किसी भी अवैध शख्स या विवादित हस्ती को बांग्लादेश में प्रवेश करने से रोका जा सके।

यह बयान ऐसे समय आया है जब शेख हसीना ने ऐलान किया है कि वह दिसम्बर में बांग्लादेश वापस जाएंगी। सिद्दीकी रविवार को ब्राह्मणरिया में भारत की सीमा से लगी अखौरा चेकपोस्ट का दौरा करने पहुंचे थे।

उसी दिन अवामी लीग के चार सीनियर नेताओं ने पश्चिम बंगाल में पेट्रोपोल बॉर्डर क्रॉसिंग का दौरा किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ये नेता शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी के संभावित रास्तों का पता लगाने के लिए पहुंचे थे। इस डेलीगेशन में जहांगीर कबीर नानक, मोफज्जल हुसैन चौधरी माया, जॉइंट सेक्रेटरी AFM बहाउद्दीन नसीम और हसीना के पूर्व सहयोगी अलाउद्दीन अहमद चौधरी नसीम शामिल थे। ये नेता रविवार सुबह करीब 9 बजे कोलकाता से निकले और दिन में 2 बजे पेट्रापोल पहुंचे, तथा करीब 3:50 बजे वापस कोलकाता के लिए रवाना हो गए।

ऐसी संभावना है कि अवामी लीग नेता त्रिपुरा में कुछ वैकल्पिक रास्तों का भी जायजा ले सकते हैं, जिसमें अगरतला-अखौरा कॉरिडोर भी शामिल है। उल्लेखनीय है कि BGB चीफ सिद्दीकी ने रविवार को ही अखौरा चेकपोस्ट का निरीक्षण किया। भारत में रह रहे अवामी लीग के नेता मंगलवार को त्रिपुरा सीमा क्षेत्र का दौरा कर सकते हैं और बुधवार को अगरतला हवाई अड्डे से अखौरा बॉर्डर क्रॉसिंग को जोड़ने वाले रास्ते का मुआयना करने की योजना है। गौरतलब है कि 5 अगस्त को ढाका से भागने के बाद शेख हसीना सबसे पहले अगरतला ही पहुंची थीं।