बांग्लादेश में गारमेंट श्रमिक न्यूनतम वेतन 12,500 टका से बढ़ाकर 30,000 टका करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। ढाका, सावर और आशुटिया के औद्योगिक क्षेत्रों में हुए इन प्रदर्शनों के दौरान श्रमिकों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें हुईं। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। श्रमिकों द्वारा ढाका-अरिचा हाईवे पर जाम लगाए जाने से यातायात ठप हो गया।
बांग्लादेश चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा गारमेंट निर्यातक देश है, जहां 40 लाख से अधिक श्रमिक इस सेक्टर से जुड़े हैं और देश के कुल निर्यात में इसकी 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी है। लगातार हो रहे प्रदर्शनों और 11 फैक्टरियों का कामकाज प्रभावित होने से वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। वेतन निर्धारण के लिए गठित न्यूनतम वेतन बोर्ड की अगली बैठक 23 नवंबर को होनी है और दिसंबर तक नई वेतन संरचना आने की उम्मीद है।
इस बीच देश में राजनीतिक तनाव भी चरम पर है। ढाका अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास बम धमाकों में तीन लोग घायल हो गए। यह घटना ऐसे समय हुई है जब अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। दूसरी ओर, लंदन में नेशनल सिटीजन पार्टी के नेताओं पर हुए हमले में पांच लोग घायल हो गए। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच इन हालातों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप जारी है।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
