ढाका। बांग्लादेश की नेशनल सिटीजन पार्टी (NCP) के चीफ कोऑर्डिनेटर नसीरुद्दीन पटवारी ने गंगा जल संधि के मुद्दे पर भारत को चेतावनी दी है। चटगांव के न्यू मार्केट इलाके में सोमवार को हुई एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब तक गंगा नदी के पानी में बांग्लादेश को उसका हिस्सा नहीं मिल जाता, तब तक देश में भारतीय सामानों को नहीं आने दिया जाएगा और भारतीय नागरिकों को भी काम करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

NCP नेता ने तारिक रहमान की सरकार पर भारत को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ भारत का विरोध करती है, लेकिन दूसरी तरफ देश का गारमेंट सेक्टर भारत को सौंप देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत विरोधी रुख अपनाने के बावजूद उस्मान हादी के हत्यारों को वापस लाने के लिए कुछ नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि देश को ऐसी नरम विदेश नीति नहीं चाहिए।

बता दें कि उस्मान हादी बांग्लादेश के छात्र नेता और इंकलाब मंच के प्रवक्ता थे, जिन्हें दिसम्बर 2025 में गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में उन्हें सिंगापुर ले जाया गया, जहां 18 दिसम्बर को उनकी मौत हो गई। हादी शेख हसीना के खिलाफ आंदोलन करने वाले प्रमुख छात्र नेताओं में शामिल थे।

रैली में शेख हसीना की मौत की सजा पर अमल करने और अवामी लीग के खिलाफ मुकदमा चलाने की मांग भी की गई। नसीरुद्दीन ने कहा कि सरकार ने बातचीत के रास्ते खोल दिए हैं, लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि मानवता के खिलाफ हुए अपराधों के दोषियों को बिना सजा छोड़ा जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क पर लाखों छात्र और आम लोग मौजूद हैं, जो इस फैसले को लागू कराना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि BNP ने पैसे लेकर उन लोगों को फिर से स्थापित किया है, जो हत्याओं में शामिल थे।