बांग्लादेश और पाकिस्तान ने आवश्यक वस्तुओं और कृषि उत्पादों के सरकारी स्तर पर व्यापार को सुगम बनाने के लिए रविवार को पांच साल के समझौते पर हस्ताक्षर किए। सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, यह समझौता ज्ञापन ढाका में बांग्लादेश ट्रेडिंग कारपोरेशन और पाकिस्तान ट्रेडिंग कारपोरेशन के बीच हुआ। इसका उद्देश्य आपूर्ति शृंखला को मजबूत करना और आयात के स्रोतों में विविधता लाना बताया गया है।

समझौते के दायरे में चावल, गेहूं, चीनी, खाद्य तेल, दालें और कृषि उत्पादों का संभावित व्यापार शामिल है। स्पष्ट किया गया है कि इसके तहत किसी विशेष उत्पाद का आयात या निर्यात करना अनिवार्य नहीं होगा। हर व्यापारिक लेनदेन के लिए अलग से बातचीत की जाएगी।

यह घटनाक्रम बांग्लादेश की संसद के अध्यक्ष हाफिज उद्दीन अहमद की पाकिस्तान यात्रा के बाद हुआ। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने अतीत को भुलाकर भविष्य की ओर देखने का निर्णय लिया है। पाकिस्तान के उच्चायुक्त इमरान हैदर ने बताया कि पाकिस्तान के पास बासमती चावल, प्याज और आलू का अतिरिक्त भंडार है।

समझौता पांच साल तक प्रभावी रहेगा और इसके बाद स्वचालित रूप से नवीनीकरण होगा, जब तक कि कोई देश इसे जारी न रखने का निर्णय न ले।