मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में गंज थाना पुलिस ने मतांतरण के आरोप में दो सगे भाइयों निखिल और नीरज प्रजापति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोप है कि दोनों अपने घर पर ईसाई धर्म की प्रार्थना सभा आयोजित कर हिंदू समाज के लोगों को राशन और मकान का प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दुष्प्रेरित कर रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, रविवार को पवन मालवीय ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि आरोपितों ने उन्हें प्रलोभन देकर मतांतरण के लिए दबाव बनाया।

गंज थाना प्रभारी अमित पवार ने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।