लोकसभा में परिसीमन बिल पर सोमवार से चर्चा शुरू हो रही है। इस बीच समाजवादी पार्टी ने अपने सांसदों को व्हिप जारी कर 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक दिल्ली में रहकर लोकसभा की कार्यवाही में शामिल होने का निर्देश दिया है। सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा के अनुसार, पार्टी बिल का विरोध करेगी और उसे पास न होने देने का पूरा प्रयास करेगी।
उत्तर प्रदेश में परिसीमन बिल को लेकर राजनीति गरमाई हुई है। प्रदेश के मुख्य विपक्षी गठबंधन समाजवादी पार्टी और कांग्रेस बिल के विरोध में हैं और दोनों दलों ने इसे लोकसभा में पास न होने देने को लेकर रणनीति बनाई हुई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में तमिलनाडु पहुंचकर एमके स्टालिन और मुंबई में शरद पवार से मुलाकात कर विरोध की रणनीति तैयार की गई।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी बिल के खिलाफ हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार परिसीमन के जरिए लोकसभा सीटों के क्षेत्र में अपने हिसाब से बदलाव करना चाहती है। उन्होंने भाजपा पर संविधान बदलने का आरोप भी लगाया और कहा कि भाजपा को परिसीमन से कोई फायदा नहीं होगा।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की गरमाती राजनीति के बीच महिला आरक्षण बिल और परिसीमन बिल को लाए जाने पर चर्चा तेज है। सपा और कांग्रेस दोनों हमलावर हैं, जबकि भाजपा दोनों पार्टियों को महिला आरक्षण का विरोधी करार देने में जुटी हुई है। अखिलेश यादव और सपा के सीनियर नेता पार्टी को महिला आरक्षण का विरोधी न होने की बात कर रहे हैं और कह रहे हैं कि आरक्षण लोकसभा की वर्तमान सीट संख्या के आधार पर ही लागू हो।
