बुलंदशहर में दिल्ली-बदायूं मार्ग पर शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र के चिट्टा गांव के पास रविवार शाम नौ बजे कौशांबी डिपो की रोडवेज बस और सीमेंट से भरे ट्रक की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई और 30 लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, कौशांबी डिपो की बस (यूपी-78एफएन 5373) दिल्ली से बदायूं जा रही थी, जबकि डिबाई से बुलंदशहर की ओर आ रहा सीमेंट से भरा ट्रक (एचआर 58ई-3623) बस से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में बुलंदशहर के थाना अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव जगदीशपुर निवासी 42 वर्षीय बस चालक ओमवीर, बदायूं के थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव आंतर निवासी 38 वर्षीय अनिता और उसकी पांच वर्षीय बेटी गायत्री शामिल हैं। बस चालक बुरी तरह फंस गया था, जिसके कारण बस काटकर शव निकाला गया।
हादसे में ट्रक चालक लखीमपुर खीरी निवासी सचिन, क्लीनर और बस परिचालक कन्नौज निवासी गोविंद सिंह समेत 30 लोग घायल हुए। घायलों को एंबुलेंस से कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज और जेपी हॉस्पिटल चिट्टा भेजा गया। जिलाधिकारी कुमार गौरव के अनुसार, 20 घायल जेपी हॉस्पिटल चिट्टा में और दस जिला अस्पताल में भर्ती हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर लगा जाम पुलिस ने जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर खुलवाया। जिलाधिकारी और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। तीनों शव मर्चरी में रखवाए गए हैं।
