नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के छावला स्थित दिनपुर एक्सटेंशन में शनिवार रात एक बदमाश ने कथित तौर पर बीएसएफ जवान के घर के बाहर गोलीबारी की। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना में कोई घायल नहीं हुआ और मौके से तीन खोखे बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि छावला थाने का घोषित बदमाश रात करीब 10 बजकर 15 मिनट पर कुछ साथियों के साथ मोटरसाइकिलों पर जवान के घर के बाहर पहुंचा और गोलीबारी करने के बाद फरार हो गया। जवान के 24 वर्षीय बेटे ने रात 10 बजकर 23 मिनट पर पीसीआर के जरिए पुलिस को सूचना दी। उसने बताया कि एक व्यक्ति ने उनके घर के बाहर गोलियां चलाईं और परिवार के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए फरार हो गया।

जांच में पता चला कि आरोपी और शिकायतकर्ता पड़ोसी हैं तथा उनके परिवारों के बीच कचरा निस्तारण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शिकायतकर्ता नोएडा से स्नातक की पढ़ाई कर रहा है, जबकि उसके पिता पंजाब के फाजिल्का में बीएसएफ में तैनात हैं। उसकी मां गृहिणी हैं और परिवार पिछले तीन वर्षों से इस पते पर रह रहा है।

अपराध शाखा और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के कर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।