सार्वजनिक संपत्तियों की चोरी पर सख्त रुख अपनाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र और राज्यों के शीर्ष अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सिर्फ चोरों पर ही नहीं, बल्कि चोरी का सामान खरीदने वालों पर भी शिकंजा कसा जाए। पीएम मोदी ने आशंका जताई कि ऐसी चोरियों के पीछे संगठित गिरोह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाई-टेंशन तार, स्टील के नाले के ढक्कन, रेलवे का सामान और रेलिंग जैसी चोरी की गई सरकारी संपत्ति खरीदने वालों की पहचान की जानी चाहिए। एक अधिकारी के मुताबिक, पीएम मोदी ने पिछले सप्ताह केंद्रीय सचिवों और राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ मासिक 'प्रगति' बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह निर्देश दिए।

बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि इन घटनाओं को छिटपुट अपराध मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन को राज्यों के साथ मिलकर ठोस रणनीति तैयार करने को कहा, ताकि अंतर-राज्यीय स्तर पर ऐसे अपराधियों का पता लगाया जा सके। अधिकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि ऐसे मामलों में असली गुनहगार खरीदार हैं, क्योंकि चोरी की सार्वजनिक संपत्ति खरीदने वाले बाजार में मौजूद हैं, इसलिए चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं।

यह मुद्दा तब सामने आया जब ऊर्जा सचिव पंकज अग्रवाल ने राजस्थान में दो विलंबित बिजली ट्रांसमिशन लाइनों की समीक्षा के दौरान हाई-टेंशन तारों की नियमित चोरी का मामला उठाया। राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बताया कि इस मामले में 15 एफआईआर दर्ज की गई हैं और एक अंतर-राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है, जो 'पावर ग्रिड वटामन ट्रांसमिशन लिमिटेड' की सीकर-द्वितीय से नरेला ट्रांसमिशन लाइन से केबल और कंडक्टर चुरा रहा था।

बैठक में पीएम मोदी ने बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में हो रही देरी पर नाराजगी भी जताई और अधिकारियों से कहा कि धीमी प्रगति के कारण एक ही परियोजना की कई बार समीक्षा करनी पड़ रही है, इसलिए देरी का समाधान निकालना होगा। मुंबई की उपनगरीय रेलवे विस्तार परियोजना के दो चरणों की समीक्षा में उन्होंने कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन को शहरी क्षेत्रों में मास रैपिड ट्रांजिट परियोजनाओं पर रेल और शहरी कार्य मंत्रालयों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा करने का निर्देश दिया। नासिक-अहिल्यानगर-सोलापुर-अक्कलकोट ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण में देरी पर महाराष्ट्र के अधिकारियों से जवाब-तलब किया गया। राज्य के अधिकारियों ने बताया कि जमीन मालिक एनएचएआई को जमीन देने से हिचकिचा रहे हैं और हवाई अड्डा परियोजनाओं के लिए राज्य सरकार द्वारा दिए गए 25 प्रतिशत अधिक मुआवजे के बराबर मुआवजे की मांग कर रहे हैं।