ताशकंद में चल रहे विश्व मुक्केबाजी कप फाइनल्स में विश्व चैंपियन मीनाक्षी हुड्डा समेत पांच भारतीय मुक्केबाजों ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। मीनाक्षी (51 किग्रा), ऋषि सिंह (50 किग्रा), जुगनू (85 किग्रा), मालसावमतलुआंगा (80 किग्रा) और नैना (80 किग्रा) ने शनिवार को पहले दौर के मुकाबले जीतकर अगले चरण में प्रवेश किया। इस प्रतियोगिता के प्रारूप के अनुसार मुकाबले क्वार्टर फाइनल चरण से शुरू होते हैं, जिसमें 20 भार वर्गों में कुल 132 मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं।

मौजूदा विश्व चैंपियन मीनाक्षी ने महिलाओं के 51 किग्रा वर्ग में इटली की मार्टिना वासल्लो को 5-0 से हराया। ऋषि सिंह ने पुरुषों के 50 किग्रा वर्ग में आर्मेनिया के रुडोल्फ गारबोयान पर 5-0 की जीत दर्ज की। जुगनू को 85 किग्रा वर्ग में इटली के पाओलो कारुसो के तीसरे दौर में चोट के कारण बाहर होने से आगे बढ़ने का मौका मिला।

नैना और मालसावमतलुआंगा ने क्रमशः कजाकिस्तान की वलेरिया एक्सनोवा और रूस के बेष्टो शावलेव को 3-2 से हराया। वहीं, सावन गिल (90 किग्रा से अधिक) को आर्मेनिया के डेविड चालोयान से 1-4 से हार मिली, जबकि प्राची (57 किग्रा) सर्बिया की नतालिया शाद्रिना से 0-4 से हार गईं। इन दोनों मुक्केबाजों का सफर पहले ही दौर में समाप्त हो गया।