कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर नेपाल के बराह क्षेत्र में लगने वाले बराह छत्तर मेले में भारत से हजारों श्रद्धालु पहुंचेंगे। फारबिसगंज (अररिया) से मिली जानकारी के अनुसार 23 नवंबर को भक्तों का जत्था नेपाल के लिए रवाना होगा। श्रद्धालु 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के दिन चतरा में सप्तकोसी नदी में स्नान करेंगे।
नेपाल के सुनसरी जिले के अंतर्गत चतरा की पहाड़ियों के बीच स्थित बराह क्षेत्र में हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर मेला लगता है। इसमें बिहार के कोसी क्षेत्र और सीमांचल से हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं और पूजा-अर्चना तथा कोसी स्नान करते हैं। श्रद्धालु भगवान नारायण के दशावतार बराह क्षेत्र का दर्शन करते हैं। बताया जाता है कि जोगबनी सीमा से बराह क्षेत्र तक आने-जाने पर प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम डेढ़ हजार रुपये खर्च करने पड़ते हैं, जबकि कई लोग चार से पांच हजार रुपये तक खर्च करते हैं।
श्रद्धालुओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन ये लोग नेपाल में करोड़ों रुपये खर्च करते हैं, जिससे वहां के हजारों लोगों का रोजगार भी जुड़ा है। माना जाता है कि इससे नेपाल को राजस्व की प्राप्ति होती है और वहां की अर्थव्यवस्था को बल मिलता है। यह धार्मिक यात्रा भारत-नेपाल के संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने वाली बताई जाती है।
