बस्ती शहर के एक इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी को पैसे के लेनदेन के विवाद में कथित तौर पर अगवा कर पीटा गया और हाथ-पैर बांधकर चार पहिया वाहन में ले जाया जा रहा था। गुरुवार रात करीब 11:30 बजे रुधौली क्षेत्र के कोहरा गांव के पास कारोबारी ने चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। राहगीरों ने उसके पैर में बंधी रस्सी काटकर उसे मुक्त कराया और पुलिस व एंबुलेंस सेवा को सूचना दी।
प्रभारी थानाध्यक्ष शिवकुमार यादव के अनुसार, घायल ने अपनी पहचान राजीव पांडेय पुत्र राम मनोहर पांडेय निवासी भैसहिया, कोतवाली थाना क्षेत्र के रूप में बताई है। घायल के अनुसार, पैसे के लेनदेन को लेकर कुछ लोग गुरुवार शाम उसे कोतवाली थाना क्षेत्र के पकौड़ी चौराहे से चार पहिया वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए थे। आरोप है कि वाहन में बैठाने के बाद उसके साथ मारपीट की गई और हाथ-पैर बांध दिए गए।
सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष शिवकुमार यादव और विशुनपुरवा चौकी प्रभारी राजकुमार पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुधौली पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस घायल कारोबारी से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपितों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।
