नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमतों में आज भारी गिरावट दर्ज की गई है। अमेरिका में टाइट मॉनिटरी पॉलिसी के चलते डॉलर मजबूत हुआ है, जिससे बुलियन की मांग घट गई है। एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार में सोना 5,000 रुपये से अधिक सस्ता हो गया, जबकि चांदी की कीमत में 9,000 रुपये से ज्यादा की गिरावट आई है। सोने का भाव करीब चार फीसदी और चांदी का रेट छह फीसदी तक लुढ़का है।
एमसीएक्स पर 4 दिसंबर की डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,27,452 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था और आज 1,23,629 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह 5,353 रुपये की गिरावट के साथ 1,22,099 रुपये तक फिसला। सोने की कीमत में यह लगातार पांचवें दिन गिरावट है। सुबह 10 बजे यह 5,302 रुपये यानी 4.16 फीसदी की गिरावट के साथ 1,22,150 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
चांदी की चमक भी फीकी पड़ी है। 4 दिसंबर की डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 1,57,482 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी और आज 1,51,183 रुपये पर खुली। शुरुआती कारोबार में यह करीब 10,000 रुपये की गिरावट के साथ 1,47,633 रुपये तक फिसली। सुबह 10.10 बजे यह 9,564 रुपये यानी 6.07 फीसदी की गिरावट के साथ 1,47,918 रुपये पर ट्रेड कर रही थी।
