मेटा जल्द ही अपना पहला एआई हार्डवेयर डिवाइस म्यूज चार्म पेश कर सकता है। द इंफॉर्मेशन की एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका में इसकी कीमत 300 डॉलर यानी करीब 28,000 रुपये हो सकती है और कंपनी वेराइजन की ओर से 12 महीने का फ्री 5जी डेटा देने की योजना बना रही है। आधिकारिक लॉन्च डेट की घोषणा अभी नहीं हुई है।
मार्क जुकरबर्ग की कंपनी मेटा जल्द ही अपना पहला एआई हार्डवेयर डिवाइस म्यूज चार्म बाजार में उतार सकती है। इस पॉकेट-साइज डिवाइस की आधिकारिक लॉन्च डेट की घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन लॉन्च से पहले ही यह चर्चा में है। द इंफॉर्मेशन की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में म्यूज चार्म की कीमत 300 डॉलर यानी लगभग 28,000 रुपये हो सकती है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इस कीमत में सिर्फ पेंडेंट जैसा यह एआई डिवाइस ही नहीं मिलेगा, बल्कि कंपनी अमेरिकी टेलीकॉम ऑपरेटर वेराइजन की ओर से 12 महीने तक का फ्री 5जी डेटा देने की योजना बना रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक डिवाइस में इन-बिल्ट 5जी मॉडेम है, जो स्मार्टफोन के कनेक्शन के बिना भी एआई एजेंट को काम करने की सुविधा दे सकता है। हालांकि, इस बारे में कोई पुष्टि नहीं है। म्यूज चार्म एक पेंडेंट जैसा हैंडहेल्ड डिवाइस है, जिसका आकार लगभग एयरपॉड्स केस जैसा है। इसे की-चेन में लगाया जा सकता है या जेब में रखा जा सकता है। इसमें करीब 2 इंच की टचस्क्रीन, इन-बिल्ट स्पीकर, माइक्रोफोन और फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। डिवाइस का उद्देश्य यूजर्स को कंपनी के म्यूज पर्सनल एआई असिस्टेंट तक एक्सेस देना है, जिससे स्मार्टफोन खोले बिना एआई एजेंट से बात की जा सकती है। स्क्रीन पर म्यूज कैरेक्टर जॉली नाम के डिजिटल अवतार के रूप में दिखाई देता है, जो ऑनलाइन शॉपिंग, फ्लाइट बुकिंग और फॉर्म भरने जैसे काम कर सकता है।
म्यूज चार्म को पहली बार सितंबर में मेटा कनेक्ट इवेंट के दौरान मार्क जुकरबर्ग ने पेश किया था। उम्मीद है कि मेटा इस साल दिसंबर में इसे लॉन्च करेगा, हालांकि यह अभी साफ नहीं है कि यह डिवाइस अमेरिका के बाहर भारत समेत अन्य देशों में उपलब्ध होगी या नहीं। इसके अलावा, मेटा एक स्मार्टवॉच पर भी काम कर रहा है, लेकिन द इंफॉर्मेशन की रिपोर्ट के अनुसार कंपनी का फोकस अभी म्यूज चार्म पर है, इसलिए स्मार्टवॉच की लॉन्चिंग 2027 तक टाल दी गई है।
