झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक की नंदनपुरा शाखा से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में शाखा प्रबंधक समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गणेशगढ़ निवासी करन सिंह राजपूत का आरोप है कि परिवार ने जमीन बेचकर मिली लगभग 80 लाख रुपये की रकम बेहतर ब्याज की उम्मीद में बैंक में जमा कराई, लेकिन न रसीद मिली और न खाते में धनराशि का स्पष्ट हिसाब।
करन सिंह के अनुसार इस रकम में उनके हिस्से के 64 लाख और भाई अभिषेक राजपूत के हिस्से के 16 लाख रुपये शामिल थे। आरोप है कि बैंक में कार्यरत मसीहागंज निवासी दीनदयाल अहिरवार ने अपने पुत्रों अम्बर और अवधेश के साथ बेहतर ब्याज दिलाने का भरोसा दिया और शाखा प्रबंधक प्रीतमदास से मुलाकात कराई। शाखा प्रबंधक ने भी फिक्स डिपॉजिट योजना में अच्छा ब्याज मिलने का आश्वासन दिया।
शिकायत के मुताबिक 17 अप्रैल से 8 अक्टूबर 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में लगभग 80 लाख रुपये जमा कराए गए, लेकिन कोई रसीद या जमा का प्रमाण नहीं दिया गया। रकम और ब्याज के बारे में पूछने पर टालमटोल किया गया। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर दीनदयाल के पुत्रों ने परिवार के लोगों से अभद्रता करते हुए मारने की धमकी दी। मोबाइल पर बातचीत में दीनदयाल ने 80 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की, लेकिन रकम वापस नहीं की गई।
पीड़ित ने आइजी झांसी रेंज से शिकायत की। आइजी आकाश कुलहरी के आदेश पर एसपी (सिटी) प्रीति सिंह ने जांच की, जिसमें आरोपों और संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल की गई। जांच में दोषी पाए जाने के बाद एसएसपी विकास कुमार की संस्तुति पर रक्सा पुलिस ने 19 नवंबर 2026 को शाखा प्रबंधक प्रीतमदास, दीनदयाल अहिरवार तथा उसके पुत्रों अम्बर और अवधेश को नामजद करते हुए धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की विवेचना जारी है।
