सोना और चांदी के दामों में शुक्रवार को वैश्विक और घरेलू बाजारों में भारी गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स पर सोना 4.35 प्रतिशत टूटकर 3525.00 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा, जबकि चांदी 7.11 प्रतिशत गिरकर 41.250 डॉलर प्रति औंस पर पहुंची। घरेलू बाजार में भी कीमतों में कमजोरी रही और सोना एक साल के निचले स्तर पर आ गया।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 5000 रुपये गिरकर ₹1,22,430 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया। चांदी में 9058 रुपये की गिरावट देखी गई और यह ₹1,48,424 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। बाजार खुलते ही सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट देखी गई।
मुड्रेक्स के लीड क्वांट विश्लेषक अक्षत सिद्धांत ने कहा कि मजबूत रुपये के कारण घरेलू बाजार में सोने और चांदी की हाजिर कीमतों पर दबाव बना रहा। गोल्ड रेट्स की बात करें तो 24 कैरेट सोना करीब ₹1,23,120 प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है, जबकि 22 कैरेट सोना लगभग ₹1,12,653 प्रति 10 ग्राम पर बना हुआ है। 18 कैरेट गोल्ड ₹92,340 प्रति 10 ग्राम के करीब ट्रेड कर रहा है।
बुलियन मार्केट में चांदी की कीमत लगभग ₹1,48,730 प्रति किलोग्राम के आसपास ट्रेड करती दिखी। सोने-चांदी की कीमतें काफी समय से लगातार गिरावट के दौर से गुजर रही हैं।
