नई दिल्ली: वेलिंगटन टेस्ट में मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखे जाने पर उठे विवाद को बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने खारिज कर दिया है। कप्तान शुभमन गिल ने इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अंशुल कंबोज और आकाश दीप के साथ चार तेज गेंदबाजों को चुना था, जबकि 48 टेस्ट खेल चुके सिराज को जगह नहीं मिली। दूसरी पारी में भारत के पांच विकेट न निकाल पाने से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की राह कठिन होने के बाद इस फैसले की आलोचना हुई। सुनील गावस्कर और पूर्व कोच रवि शास्त्री जैसे दिग्गज भी हैरान थे।

मामला तब और गरमाया जब कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आरोप लगाया कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद सिराज को उनके नाम की वजह से टीम में जगह नहीं दी गई। मसूद ने कहा था कि अगर अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उनका चयन नहीं हो रहा है तो भेदभाव स्पष्ट है।

इन आरोपों पर राजीव शुक्ला ने कहा कि ऐसी बातों को बढ़ावा नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने कहा, 'ऐसा नहीं है कि टेस्ट मैच केवल इसलिए ड्रॉ पर समाप्त हुआ क्योंकि सिराज नहीं खेल रहे थे। मुझे नहीं लगता कि सिराज को ऐसे विवादों में घसीटा जाना चाहिए। आखिरकार, वह स्क्वाड का हिस्सा हैं और टीम के लिए चुना जाना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है।'

शुक्ला ने साफ किया कि कौन से ग्यारह खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे, यह फैसला कोच और कप्तान पर निर्भर करता है, जो पिच की परिस्थितियों और कई अन्य कारकों को देखकर इसे लेते हैं। उन्होंने कहा कि केवल प्लेइंग इलेवन में जगह न मिलने पर राजनीतिक या अन्य विवाद खड़ा करना उचित नहीं है और यह सिराज के लिए भी अच्छा नहीं है।