पश्चिम बंगाल में क्रिसमस से पहले मिशनरी स्कूलों में कथित धर्मांतरण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। राज्य के भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के मिशनरी स्कूलों को बंद करने की चेतावनी के बाद अब राज्य के मंत्री अर्जुन सिंह ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने ईसाई धर्म और इस्लाम दोनों को देश के लिए खतरा बताया है।
मंगलवार को नॉर्थ 24 परगना में पत्रकारों से बात करते हुए अर्जुन सिंह ने कहा कि गरीब लोगों के बच्चों को पैसों का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईसाई पैसे देकर और मुसलमान जबरदस्ती धर्मांतरण करा रहे हैं। सिंह ने मठों और आश्रमों के प्रमुखों से अपील की कि वे आर्थिक कठिनाई के कारण धर्म परिवर्तन कर रहे परिवारों के साथ खड़े हों। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण रुकना चाहिए और देश के हिंदुओं को मिटाने की साजिश चल रही है।
इससे पहले भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने रविवार को बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य के ईसाई मिशनरी स्कूलों को बंद करने की धमकी दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि इनमें से कुछ स्कूल भारत विरोधी गतिविधियों और जबरन धर्मांतरण में लिप्त पाए गए हैं, हालांकि उन्होंने किसी संस्थान का नाम नहीं लिया। भट्टाचार्य ने आसनसोल में धर्मांतरण होने का दावा भी किया था।
इन बयानों के बीच बंगाल क्रिश्चियन काउंसिल ने सोमवार को राज्य भर में कई चर्चों पर हुए हमलों की निंदा की और क्रिसमस से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात का समय मांगा है। काउंसिल के अध्यक्ष रेवरेंड परितोष कैनिंग ने दावा किया कि 9 जगहों पर पादरियों और श्रद्धालुओं पर हमला किया गया और चर्चों तथा क्रॉस में तोड़फोड़ की गई। उन्होंने भट्टाचार्य के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके स्कूलों में जबरन धर्मांतरण नहीं होता और शिक्षकों के लिए कोई ड्रेस कोड नहीं है।
