पश्चिम बंगाल में एक महिला शिक्षिका से स्कूल में भगवा साड़ी पहनने को लेकर कथित तौर पर पूछताछ किए जाने का मामला सामने आया है। इस पर राज्य सरकार ने कहा है कि आरोपों की जांच की जाएगी और सही पाए जाने पर कार्रवाई होगी।

शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने बताया कि कोलकाता के एक प्रतिष्ठित ईसाई मिशनरी स्कूल से जुड़े इस मामले की जांच करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री के दौरे के सिलसिले में दफ्तर से बाहर हैं और मामले को कल देखेंगे। उन्होंने कहा कि जैसे मुख्यमंत्री ने कहा है, आरोपों की जांच की जाएगी।

इससे पहले भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने आरोप लगाया था कि भगवा साड़ी पहनने को लेकर शिक्षिका से उसके एक सहकर्मी ने सवाल-जवाब किए थे। उन्होंने यह भी दावा किया था कि सहकर्मी ने कहा था कि स्कूल परिसर में भगवा साड़ी पहनना स्वीकार्य नहीं है। भट्टाचार्य ने ईसाई मिशनरी संस्थानों में धर्मांतरण का आरोप भी लगाया था।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि अगर आरोप सही पाए गए और किसी ने लिखित शिकायत दी, तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर स्कूल इस मामले में शामिल पाया गया तो उसका एनओसी रद्द कर दिया जाएगा। वहीं, पश्चिम बंगाल एसोसिएशन ऑफ क्रिश्चियन स्कूल के एक प्रतिनिधि का कहना है कि उनके स्कूलों में किसी भी कर्मचारी के पहनावे पर कोई पाबंदी नहीं है और एक आरोप के आधार पर सभी स्कूलों के बारे में एक जैसी राय नहीं बनाई जानी चाहिए।