बेतिया (पश्चिम चंपारण) में दिन के करीब 12:30 बजे सुप्रिया रोड स्थित एक आभूषण शोरूम में आठ हथियारबंद अपराधियों ने करोड़ों की लूट को अंजाम दिया। तीन बाइक पर सवार होकर पहुंचे अपराधियों ने ग्राहक बनकर शोरूम में प्रवेश किया और पिस्टल के बल पर कर्मचारियों को कब्जे में ले लिया। इसके बाद अन्य अपराधी भी भीतर घुस आए। अपराधियों ने कर्मचारियों को एक कतार में खड़ा कर उनके मोबाइल फोन छीन लिए और शोरूम में मौजूद दो-तीन ग्राहकों तथा कर्मचारियों के हाथ प्लास्टिक की रस्सी से बांध दिए। सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त करने के साथ ही ग्राहक नगर के मिर्जा टोला निवासी शुभम कुमार और रामू कुमार प्रसाद के मोबाइल फोन भी तोड़ दिए गए। दो-तीन अपराधी ऊपरी तल्ले पर गए और वहां मौजूद कर्मचारियों को भी बंधक बना लिया। सुरक्षा गार्ड के विरोध करने पर उसके सिर पर हथियार के बट से प्रहार किया गया। करीब 20 मिनट तक चली लूट के बाद अपराधी शोकेस में रखे आभूषण बैग में भरकर फरार हो गए।

शोरूम के निचले तल्ले पर छह-सात और ऊपरी तल्ले पर दो-तीन कर्मचारी मौजूद थे। चर्चा है कि जाते-जाते अपराधियों ने धमकी दी कि यह तो अभी ट्रेलर है, हम फिर आएंगे, फिल्म अभी बाकी है।

घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी करीब 1:30 बजे शोरूम पहुंचे। डीआईजी और एसएसपी करीब पांच घंटे तक शोरूम में रहे और इस दौरान कर्मचारियों तथा ग्राहकों से पूछताछ की गई और सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। शोरूम से करीब 100 मीटर की दूरी पर पूर्व उपमुख्यमंत्री सह बेतिया विधायक रेणु देवी का आवास है। सूचना पर वे भी शोरूम पहुंचीं और पूछताछ की। उन्होंने कहा कि अपराधी हर हाल में पकड़े जाएंगे। पुलिस जांच कर रही है।

शोरूम के आसपास कई अन्य आभूषण शोरूम, अस्पताल और होटल भी हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और जिले के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया। जगह-जगह पुलिस जांच लगाकर वाहनों की तलाशी की जा रही है। अभी तक पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है और अलग-अलग टीमें अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही हैं।