दवाओं और कॉस्मेटिक उत्पादों की जांच के लिए अब जानवरों पर निर्भरता कम करने की दिशा में नई तकनीक सामने आ रही है। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में जोधपुर के एक स्टार्टअप ने इस तकनीक का प्रदर्शन किया, जिसमें मानव ऊतकों जैसे तैयार किए गए मॉडल पर दवाओं की जांच की जा सकती है।
स्टार्टअप के युवराज सिंह ने बताया कि वे इन-विट्रो मॉडल तैयार करते हैं। इसके लिए सबसे पहले मरीज की बायोप्सी और जरूरी मेडिकल डेटा लिया जाता है। ऊतक के नमूने की स्लाइड तैयार कर उसकी इमेजिंग की जाती है। इसके बाद डिजिटल ट्विन तकनीक से ऊतक की संरचना और उसके विभिन्न घटकों का विश्लेषण किया जाता है। इसी आधार पर मानव ऊतकों जैसी विशेषताओं वाला मॉडल तैयार होता है, जिस पर दवाओं और उनके घटकों का परीक्षण किया जा सकता है। इससे दवा के संभावित असर और विषाक्तता का आकलन करने में मदद मिलती है।
यह तकनीक कैंसर मरीजों के इलाज में भी उपयोगी साबित हो सकती है। एक ही प्रकार के कैंसर से पीड़ित दो मरीजों के शरीर की जैविक प्रतिक्रिया अलग हो सकती है। ऐसे में मरीज के अपने ऊतक पर अलग-अलग दवाओं का परीक्षण कर उसके लिए अधिक उपयुक्त उपचार चुनने में मदद मिल सकती है। उन्होंने बताया कि कंपनी के स्किन मॉडल मानव त्वचा से करीब 80 प्रतिशत तक समानता रखते हैं।
फिलहाल कंपनी टिश्यू स्तर पर काम कर रही है और भविष्य में लिवर, किडनी व हृदय जैसे अंगों के मॉडल विकसित करने की योजना है। फार्मा कंपनियां दवाओं और कॉस्मेटिक कंपनियां सनस्क्रीन सहित अन्य उत्पादों की जांच के लिए इन मॉडल का इस्तेमाल कर सकती हैं। कंपनी मेडिकल संस्थानों और एम्स जोधपुर जैसे संस्थानों के साथ भी सहयोग कर रही है।
