चीन के हुबेई प्रांत की बादोंग काउंटी के रहने वाले कंटेंट क्रिएटर सॉन्ग जिंग्यू ने घर पर एक इलेक्ट्रिक फ्लाइंग बोर्ड तैयार किया है। ऑनलाइन Amazing Ayu के नाम से मशहूर सॉन्ग ने हाल ही में इस बोर्ड से घाटी, नदी और अपने शहर के ऊपर उड़ान भरी। उन्होंने दो मिनट से कुछ अधिक समय में 300 मीटर (984 फीट) से ज्यादा की दूरी तय की। सॉन्ग ने 14 साल की उम्र में स्कूल छोड़ दिया था और इस बोर्ड को बनाने में AI की मदद ली।
बचपन से विमानों में दिलचस्पी रखने वाले सॉन्ग ने 14 साल की उम्र में स्कूल छोड़कर अपने पिता की लकड़ी की मिल में काम शुरू किया था। एक पुराने टैबलेट पर फ्लाइट-टेस्ट वीडियो देखकर उनके मन में एयरक्राफ्ट बनाने की इच्छा जगी। कबाड़ से मॉडल बनाकर ऑनलाइन वीडियो पोस्ट करने वाले सॉन्ग के 30 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। 2022 में उन्होंने अपने पिता के कारपेंटरी शेड को वर्कशॉप में बदला और Ayu’s Scientific Adventure नाम से एक्सपेरिमेंट शुरू किए। इस बोर्ड का वीडियो उन्होंने ऑनलाइन साझा किया है।
हॉलीवुड फिल्म स्पाइडर-मैन में ग्रीन गॉब्लिन के उड़ने वाले ग्लाइडर से प्रेरित होकर सॉन्ग ने यह मशीन बनाने की ठानी। पहले उन्होंने 5 छोटे टर्बोजेट इंजन वाला मॉडल बनाया, लेकिन शुरुआती टेस्ट में आग लगने से उसकी फ्यूल लाइन और वायरिंग डैमेज हो गई। टेस्ट डेटा AI डायग्नोस्टिक टूल में डालने पर पता चला कि इंजन बहुत पास होने के कारण गर्म हवा वापस अंदर जा रही है। AI ने इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन अपनाने का सुझाव दिया, जिसके बाद उन्होंने यह इलेक्ट्रिक फ्लाइंग बोर्ड डिजाइन किया।
इसके लेटेस्ट वर्जन में 10 ब्रशलेस मोटर्स लगी हैं, जो मिलकर 660 पाउंड से ज्यादा का थ्रस्ट पैदा करती हैं। सॉन्ग के मुताबिक यह बोर्ड चार लोगों का वजन उठा सकता है। इसमें कोई ऑटो-लेवलिंग सिस्टम नहीं है और राइडर को अपने शरीर के वजन को शिफ्ट करके इसे कंट्रोल करना होता है। राइडर के पैर बोर्ड से बंधे रहते हैं और रिंग पर लगा थ्रॉटल पावर कंट्रोल करता है। बोर्ड पर लगे दो स्मार्टफोन इसके झुकाव को मापते हैं और हेडफोन में वॉयस अलर्ट के जरिए राइडर को बताते हैं कि कब वजन दूसरी तरफ झुकाना है या घुटना मोड़ना है। एक बार फुल चार्ज होने पर यह बोर्ड लगभग 16 मिनट तक उड़ सकता है। सुरक्षा के लिए सार्वजनिक उड़ानों में इसकी पावर 40% से कम रखी गई है। स्थानीय प्रशासन भी उनके एक्सपेरिमेंट्स के लिए बड़ा टेस्टिंग एरिया देने पर विचार कर रहा है।
