हर साल 19 नवंबर को मनाए जाने वाले इंटरनेशनल मेन्स डे के मौके पर अक्सर पुरुषों की मानसिक सेहत और उनकी चुनौतियों पर बात होती है। इस बीच यह समझना भी जरूरी है कि पिता बनने के बाद एक पुरुष की जिंदगी में क्या बदलाव आते हैं। जिस पल कोई पुरुष पहली बार अपने बच्चे को गोद में उठाता है, उसके बाद उसकी पूरी दुनिया बदल जाती है।
पिता बनने से पहले पुरुष अपनी मर्जी से जीवन जीता है, लेकिन बच्चा होते ही उसकी प्राथमिकताएं बदल जाती हैं। अब उसकी खुशी बच्चे की खुशी में नजर आने लगती है। समाज में लड़कों को अक्सर मजबूत बने रहने की सीख दी जाती है, लेकिन बच्चे को गोद में लेते ही उसके अंदर की सख्ती पिघल जाती है और वह ज्यादा भावुक हो जाता है। बच्चे को मामूली चोट लगने पर भी वह अंदर से घबरा जाता है, हालांकि इसे वह बाहर जाहिर नहीं करता।
पिता बनने के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी आर्थिक सुरक्षा की भी आती है। बच्चे की पढ़ाई, सेहत और भविष्य की योजना उसके दिमाग में चलने लगती है। वह अपनी महंगी चीजों से पहले बच्चे के लिए बचत के बारे में सोचता है। इसके साथ ही पति-पत्नी के रिश्ते में भी बदलाव आता है और दोनों एक टीम की तरह बच्चे की देखभाल करते हैं।
हर नए पिता के मन में यह सवाल रहता है कि क्या वह अच्छा पिता बन पाएगा और क्या अपने बच्चे को वह सब दे पाएगा जिसका वह हकदार है। मां अपने डर दूसरों से साझा कर सकती है, लेकिन पिता अक्सर अपनी घबराहट अपने तक ही सीमित रखता है और खुद को बेहतर साबित करने की कोशिश में लगा रहता है। पिता बनना एक ऐसी जिम्मेदारी है जिसमें न छुट्टियां होती हैं और न ही सैलरी, बल्कि सिर्फ बेशर्त प्यार होता है।
