भागलपुर में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) ने 26 और 27 नवंबर को दो दिवसीय मशरूम उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन प्रशिक्षण आयोजित किया, जिसका शुक्रवार को समापन हुआ। समापन सत्र में 69 महिलाओं और 73 पुरुषों सहित कुल 142 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रशिक्षण में कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), सबौर की वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. अनिता कुमारी ने मशरूम की तीन प्रमुख किस्मों—आयस्टर, बटन और श्वेत दुधिया मशरूम—की उत्पादन तकनीक और बाजार की बारीकियों से प्रशिक्षणार्थियों को अवगत कराया।
डॉ. अनिता कुमारी ने आयस्टर मशरूम के बैग तैयार करने की प्रायोगिक विधि सिखाई और बैग के रखरखाव, गुणवत्तापूर्ण बीज (स्पान) की पहचान, कीट-रोग प्रबंधन तथा सुखाकर मूल्य संवर्धित उत्पाद तैयार करने के तरीके बताए। उन्होंने बताया कि श्वेत दुधिया मशरूम देखने में आकर्षक और टिकाऊ होता है, जिसकी खेती सामान्य संसाधनों और कम पूंजी में कर स्थानीय बाजारों में अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। बाजार में सबसे अधिक मांग वाले बटन मशरूम के लिए गुणवत्तापूर्ण कंपोस्ट निर्माण, तापमान व नमी संतुलन, आकर्षक पैकेजिंग और विपणन की रणनीति पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
जिला कृषि पदाधिकारी प्रेमशंकर प्रसाद ने कहा कि मशरूम उत्पादन एक लाभकारी इनडोर व्यवसाय है, जिसे घर के छोटे कमरे या झोपड़ी में भी कम पूंजी लगाकर आसानी से शुरू किया जा सकता है। सीमित जमीन वाले किसानों के लिए यह अतिरिक्त आमदनी और स्वरोजगार का बेहतरीन माध्यम है। आत्मा के उप परियोजना निदेशक प्रभात कुमार सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं और युवाओं को कृषि आधारित उद्यमिता से जोड़ना है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित होने के साथ परिवारों को प्रोटीन और पोषक तत्वों से भरपूर आहार भी मिलेगा। उन्होंने कृषक हित समूह, महिला खाद्य सुरक्षा समूह और किसान पाठशाला जैसी योजनाओं के तहत महिलाओं को सामूहिक रूप से मशरूम उत्पादन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण के दौरान आत्मा की ओर से दो और तीन दिसंबर को आयोजित होने वाले उद्यमी किसान मेले की जानकारी भी दी गई, जहां जिले के उद्यमी किसान स्टॉल लगाकर अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा बिहार कौशल विकास मिशन की आरपीएल योजना के तहत मशरूम उत्पादक, जैविक उत्पादक और वर्मी कंपोस्ट उत्पादकों के लिए दस दिवसीय विशेष पाठ्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है। समापन सत्र में प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रिया कुमारी, साधनसेवी एवं मशरूम उद्यमी प्रशिक्षक स्वर्णसंध्या भारती, शीला देवी और प्रिया कुमारी सहित आत्मा के तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
