शादियों का सीजन 21 नवंबर से शुरू हो रहा है। इससे पहले सोशल मीडिया पर एक भोजपुरी विवाह गीत तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें समधी की हंसी-ठिठोली के साथ खिंचाई की जाती है। यह गीत 'समधी जी वाह-वाह' है, जो किसी फिल्म का नहीं बल्कि एक एल्बम का हिस्सा है। पूर्वांचल के यूपी-बिहार और मिथिला की शादियों में यह पारंपरिक गीत गाया जाता है।

गीत में लड़की पक्ष की महिलाएं लड़के के मामा की मजाकिया अंदाज में खिंचाई करती हैं और उन्हें लफंगा कहती हैं। साथ ही उनके दिए नेग को चंदा बताया जाता है। इस तरह यह गीत शादी की रस्मों के बीच माहौल को और भी मजेदार बना देता है। यह गारी गीत समधियों के सामने ही हंसी-ठिठोली का जरिया बनता है।

इस गीत को विवाह और पारंपरिक गीत गाने वाली सिंगर कुमारी सोनल, अनन्या सिंह और किरण कश्यप ने आवाज दी है। गाने के बोल गणेश कुमार काज ने लिखे हैं और संगीत सुशांत अस्थाना ने तैयार किया है। रिपोर्ट के मुताबिक यह गीत करीब नौ महीने पुराना है।

भोजपुरी शादियों में ऐसे कई पारंपरिक गीत हैं जो सीजन में समां बांध देते हैं। इनमें हरदी हरदिया, गौरी गणेश को पुजाई के, लम्हर दामाद हो, सेनूरा लगावे आजा और घूघटा उठावे दुल्हनिया जैसे गीत शामिल हैं।