भोपाल के करोंद इलाके से करीब सात किलोमीटर दूर नगर निगम सीमा के बाहर बड़वाई ग्रामीण क्षेत्र में रविवार सुबह एक प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम में कई टन प्लास्टिक और पुट्ठा जमा होने के कारण आग कुछ ही मिनटों में विकराल हो गई और इससे उठने वाला धुएं का गुबार करीब पांच किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था। सुबह करीब नौ बजे हुई इस घटना से ग्रामीण इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम खेत के पास होने से आग के खेतों तक फैलने का खतरा पैदा हो गया था।
ग्रामीणों ने आग की सूचना फायर कंट्रोल रूम को दी और मौके पर पहुंचकर दमकलकर्मियों की मदद शुरू की। प्लास्टिक जलने से उठ रहे घने और जहरीले धुएं के कारण स्थानीय लोगों को सांस लेने और आंखों में जलन जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बैरागढ़, फतेहगढ़ और गांधी नगर फायर स्टेशनों से कुल तीन दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।
दमकलकर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछारें शुरू कीं, लेकिन प्लास्टिक और पुट्ठे के ढेर के नीचे आग सुलगती रही। फायर फाइटर पंकज यादव ने बताया कि भीतर सुलगती आग बुझाने के लिए पानी के साथ फोम का भी इस्तेमाल करना पड़ा। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि समय रहते लपटों को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आग के खेतों की ओर बढ़ने का खतरा टल गया।
फायर ऑफिसर सौरभ कुमार पटेल के अनुसार आग लगने का कारण अज्ञात है और मामले की जांच जारी है।
