मोहाली में रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 13 युवाओं से करीब 40 लाख रुपये ठगने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ थाना फेस-1 में केस दर्ज किया गया है। आरोपितों ने रेलवे में अपनी पहुंच बताकर 200 से 250 युवाओं को टिकट कलेक्टर (टीसी) समेत विभिन्न पदों पर भर्ती करवाने का भरोसा दिया था। शिकायत के मुताबिक रकम लेने के बाद उन्हें फर्जी जाइनिंग लेटर सौंप दिए गए। ठगी का पता चलने पर युवाओं ने पैसे और अपने मूल दस्तावेज वापस मांगे, लेकिन आरोपितों ने कुछ भी वापस नहीं किया।
मोहाली के सेक्टर-66ए स्थित फाल्कन व्यू निवासी प्रवीण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी विष्णु यादव के साथ पहले से जान-पहचान थी। जून 2026 में विष्णु अपने दोस्त सुमित कुमार को लेकर मोहाली आया था। उसने बताया कि सुमित रेलवे विभाग में ऊंचे पद पर तैनात है और अधिकारियों तक उसकी अच्छी पहुंच है। यह भी कहा गया कि सुमित पहले कई युवाओं को रेलवे में नौकरी दिलवा चुका है।
शिकायत के अनुसार सुमित कुमार ने 200 से 250 युवाओं को टीसी समेत अन्य पदों पर नौकरी दिलाने का दावा किया। इस भरोसे में आकर प्रवीण कुमार ने 13 युवाओं के दस्तावेज एकत्रित कर सुमित को सौंप दिए। आरोप है कि प्रत्येक युवक से नौकरी मिलने के बाद पांच लाख रुपये देने की बात हुई थी। प्रवीण कुमार के मुताबिक सुमित ने अलग-अलग तारीखों पर करीब 40 लाख रुपये ले लिए और नियुक्ति के नाम पर युवाओं को जाइनिंग लेटर दिए गए, जो बाद में फर्जी निकले।
नौकरी नहीं मिलने पर युवाओं ने आरोपितों से रकम और अपने मूल दस्तावेज वापस मांगे, लेकिन आरोपितों ने उनकी मांग पूरी नहीं की। शिकायत की जांच डीएसपी सिटी-1 की ओर से की गई। प्रारंभिक जांच के बाद एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने हरियाणा के चरखी-दादरी जिले के गांव जावा निवासी सुमित कुमार और दिल्ली के बकोली निवासी विष्णु यादव के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपितों को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
