महेंद्रगढ़ जिले में इस साल एक जनवरी से 25 नवंबर तक यातायात नियमों के उल्लंघन पर 69,236 चालान काटे गए। इन पर कुल 12 करोड़ 31 लाख 12 हजार 550 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि 2,621 वाहनों को इंपाउंड किया गया। आंकड़ों के अनुसार औसतन हर दिन करीब 210 वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई और लगभग 3.6 लाख रुपये की जुर्माना राशि दर्ज की गई।

सबसे अधिक चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने के हुए। इस अवधि में ऐसे 23,222 चालान किए गए, यानी कुल चालानों में करीब हर तीसरा चालान हेलमेट से जुड़ा रहा। दूसरी बड़ी श्रेणी गलत पार्किंग की रही, जिसमें 10,708 चालान किए गए। तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाने पर 7,709 चालान काटे गए।

वाहन दस्तावेजों और पहचान से जुड़े नियमों की अनदेखी भी सामने आई। बिना नंबर प्लेट के चलते 1,963 वाहन मिले, जबकि हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) न होने पर 4,228 चालान किए गए। बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र के 3,963, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 2,919 और बिना आरसी वाहन चलाने पर 2,878 चालान काटे गए।

अन्य उल्लंघनों में लाइन बदलने के नियम का उल्लंघन 5,876, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 1,305, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर 1,168, रेड लाइट जंप करने पर 665 और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर 404 चालान शामिल हैं। शराब पीकर वाहन चलाने के 310 मामले पकड़े गए, जबकि डार्क फिल्म लगाने पर 132 चालान किए गए। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद हेलमेट, गलत पार्किंग और ओवरस्पीडिंग जैसे मामलों की बड़ी संख्या यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़ा करती है।