चरखी दादरी के गोठड़ा में करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से बना 33 केवी पावर सब स्टेशन शुरू हो गया है। इस सब स्टेशन से चार 11 केवी फीडरों के जरिए बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है। सब स्टेशन को मकड़ाना स्थित 132 केवी सब स्टेशन से बिजली मिलेगी। इसके चालू होने से गोठड़ा सहित आसपास के करीब आठ गांवों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है और लंबे समय से परेशान कर रही लो-वोल्टेज तथा बार-बार पावर कट की समस्या से राहत मिलेगी।
क्षेत्र में बढ़ती बिजली मांग और मौजूदा सब स्टेशनों पर बढ़ते लोड को देखते हुए गोठड़ा में नया बिजली घर बनाने की योजना बनाई गई थी। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2022 में इसके निर्माण को मंजूरी दी थी और इसके लिए करीब पांच करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया था। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने तीन नवंबर 2023 को निर्माण एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी किया था। शर्तों के अनुसार काम एक साल में पूरा होना था, लेकिन निर्धारित समय सीमा निकलने के बाद भी सब स्टेशन चालू नहीं हो पाया था। अब कार्य पूरा होने के बाद सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है।
नए सब स्टेशन का लाभ गोठड़ा, संतोखपुरा, मकड़ाना, महराणा, पातुवास, खेड़ी सनसनवाल, टिकान कलां और ढाणी फोगाट सहित आसपास के गांवों को मिलेगा। समसपुर गांव को भी इससे जोड़ने का प्रस्ताव है और फसल कटाई के बाद वहां तक बिजली लाइन बिछाने की योजना है। एचवीपीएनएल के जेई राकेश बलौदा के अनुसार सब स्टेशन को मकड़ाना स्थित 132 केवी सब स्टेशन से फीड किया जाएगा, जिससे आसपास के गांवों में लो-वोल्टेज, लाइन लास और ब्रेकडाउन की समस्या कम होगी।
नए सब स्टेशन के शुरू होने से घसौला और मकड़ाना के बिजली घरों पर पड़ने वाला अतिरिक्त लोड भी कम होगा। गर्मियों में अधिक बिजली खपत और सर्दियों में कृषि कार्यों के दौरान ओवरलोडिंग की आशंका भी पहले से कम रहेगी। जिले में बिजली आपूर्ति के लिए 11,170 ट्रांसफार्मर और 90 फीडर कार्यरत हैं और लगातार बढ़ती बिजली खपत के कारण मौजूदा नेटवर्क पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में गोठड़ा में 33 केवी सब स्टेशन शुरू होना क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। चार 11 केवी फीडरों से आपूर्ति शुरू होने के बाद भविष्य में जरूरत के अनुसार अतिरिक्त फीडर निकालने की भी योजना है।
