अमरोहा के आदमपुर थाना क्षेत्र के शेरगढ़ गांव में एक परिवार में आयोजित भात की दावत के बाद 50 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई। शाम करीब सात बजे मेहमानों ने भोजन किया था, जिसके कुछ घंटे बाद आधी रात के बाद लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। बीमार होने वालों में करीब 25 लोग शेरगढ़ और लगभग 30 लोग संभल जिले के बेला दुगावर गांव के बताए जा रहे हैं। बीमार लोगों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है।
दावत में मेहमानों के लिए पनीर, आलू, पूड़ी, उड़द और रायता समेत कई व्यंजन तैयार किए गए थे। घटना के बाद खाद्य पदार्थों की पड़ताल शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर फूड पॉइजनिंग की वजह दावत में परोसा गया पनीर माना जा रहा है, जिस पर संभल के गवां कस्बे से खरीदे जाने का शक जताया गया है।
पनीर विक्रेता के खिलाफ पुलिस चौकी में तहरीर दी गई है। खाद्य विभाग की टीम ने पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि पनीर की गुणवत्ता खराब थी या भोजन में किसी अन्य वजह से संक्रमण फैला।
