भोपाल। तंजानिया की 25 वर्षीय युवती को आकर्षक नौकरी का झांसा देकर भारत बुलाया गया और आरोप है कि उसे देह व्यापार में धकेलने की कोशिश की गई। कोलार पुलिस के अनुसार युगांडा की 35 वर्षीय महिला और गाम्बिया के 32 वर्षीय युवक के खिलाफ शनिवार को केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि दोनों ने युवती पर होटलों में ग्राहकों के सामने जाने का दबाव बनाया और विरोध करने पर उसे कोलार स्थित फ्लैट में कमरे में बंद कर मारपीट की। युवक पर दुष्कर्म का भी आरोप है।

पुलिस के अनुसार युगांडा निवासी अमिदा नहबारा उर्फ सेरी कोलार के एक फ्लैट में रहती है और हेयरस्टाइलिस्ट का काम करने के साथ खुद को होटल इंडस्ट्री से जुड़ा बताती है। उसके साथ रहने वाला गाम्बिया निवासी सेर्नो बल्हेड उर्फ अबू एलएनसीटी कॉलेज में बीकॉम की पढ़ाई कर रहा है। अमिदा ने तंजानिया की युवती से ऑनलाइन दोस्ती की थी और उसे होटल में 10 लाख रुपये महीने की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था, जिसके बाद युवती अक्टूबर 2026 में भारत आई।

आरोप है कि भारत आने के बाद दोनों उसे नौकरी के बजाय देह व्यापार में धकेलने की कोशिश करने लगे और उसे मुंबई, इंदौर समेत कई शहरों में लेकर गए। विरोध करने पर आरोपित युवती को भोपाल लेकर आए और कोलार स्थित फ्लैट में बंद कर मारपीट की। पीड़िता के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान हैं। तीन दिन तक मारपीट की आवाज और चीखें सुनकर पड़ोसियों ने शुक्रवार को डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को मुक्त कराया।

डीसीपी जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला ने बताया कि पीड़िता केवल स्वाहिली भाषा समझती है और उसे अंग्रेजी नहीं आती। उसने स्वाहिली में शिकायती आवेदन लिखा था, जिसका चैटजीपीटी की मदद से अनुवाद कर शिकायत दर्ज की गई। ट्रांसलेटर की मदद के लिए तंजानिया एम्बेसी को पत्र लिखा गया है। डीसीपी के अनुसार बयान दर्ज होने के बाद मामला स्पष्ट होगा और उसके आधार पर धाराओं में बढ़ोतरी कर आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल दोनों आरोपितों को नोटिस देकर छोड़ा गया है और उनकी निगरानी की जा रही है। पीड़िता के स्वजनों को भी सूचना दे दी गई है।