भिवानी के बहल क्षेत्र के गांव रिवासा स्थित एक मुर्गी फार्म पर रहने वाली करीब 22 वर्षीय महिला की फांसी लगाने से मौत हो गई। बहल थाना के एसआई अनिल कुमार के अनुसार मध्यप्रदेश के रीवा जिले की रहने वाली रंगीता देवी पत्नी रवि कुमार पिछले करीब तीन महीने से गांव रिवासा स्थित मुर्गी फार्म पर रह रही थी। रविवार सुबह नागरिक अस्पताल से महिला की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतका के पति रवि कुमार ने अपने बयान में बताया कि घटना के समय वह सब्जी लेने के लिए बाहर गया हुआ था। जब वह वापस लौटा तो पत्नी फांसी के फंदे पर लटकी मिली। इसके बाद वह उसे तुरंत भिवानी के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से परेशान रहती थी।
मृतका के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें तीन साल का बेटा और एक साल की बेटी है। पुलिस ने पति के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
