हिमाचल प्रदेश सरकार कृषि विपणन अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए 166 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है, जिससे किसानों और बागबानों को अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर बाजार सुविधाएं उपलब्ध होंगी। राज्य में कृषि उपज मंडियों का नेटवर्क अब बढ़कर 89 हो गया है। नई मंडियों के निर्माण, आधुनिक भंडारण केंद्रों और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से विपणन व्यवस्था को नया स्वरूप देने की तैयारी है।
शिमला के पराला में 67 करोड़ रुपये की लागत से 5600 टन क्षमता का नियंत्रित वातावरण (सीए) भंडारण केंद्र तैयार हो चुका है। मंडी के जड़ोल और सोलन के परवाणू में भी 30-30 करोड़ रुपये से सीए स्टोर विकसित किए जा रहे हैं। इससे फल-सब्जियों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने और बाजार में बेहतर दाम मिलने तक बिक्री टालने का विकल्प मिलेगा। मौजूदा मंडियों के आधुनिकीकरण पर 22.60 करोड़ और कृषि विपणन बोर्ड व मंडी समितियों के डिजिटलीकरण पर 7.43 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिससे मंडियों में पारदर्शिता और कामकाज की गति बढ़ाने का लक्ष्य है।
किसानों की मंडियों तक पहुंच बढ़ाने के लिए हमीरपुर में 10 करोड़ रुपये से ग्रीन मंडी विकसित की जा रही है। इसके अलावा बिलासपुर के निहाल, कांगड़ा के टांडा, चंबा के पांगी, लाहुल के करगा और शिमला के डकोलड़ में करीब 39 करोड़ रुपये से नई मंडियां बनाई जा रही हैं। प्रदेश की 10 कृषि उपज मंडी समितियों के माध्यम से संचालित 89 मंडियों में वर्ष 2025-26 के दौरान 33 लाख क्विंटल फल, 19 लाख क्विंटल सब्जियां और 2.41 लाख क्विंटल खाद्यान्न का विपणन हुआ।
बागबानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश के सकल घरेलू उत्पाद में कृषि एवं बागबानी क्षेत्र की हिस्सेदारी 13 प्रतिशत से अधिक है। कृषि एवं बागवानी उपज विपणन (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 2005 के तहत खाद्यान्न, दालों, तिलहन, फल-सब्जियों, पशुधन उत्पादों और मसालों सहित विभिन्न श्रेणियों की वस्तुओं को अधिसूचित किया गया है। सरकार का जोर केवल मंडियों की संख्या बढ़ाने पर नहीं, बल्कि भंडारण, बाजार पहुंच और डिजिटल व्यवस्था के जरिये किसानों-बागबानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने पर है।
