गाजियाबाद में बिजली बिल से परेशान घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब महज पांच हजार रुपये के अधिकतम अंशदान पर घर की छत पर एक किलोवाट का सोलर प्लांट लगवाया जा सकेगा। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) ने यूएलए (यूटिलिटी लेड एग्रीगेशन) मॉडल से 15 हजार सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य तय किया है, जिसमें गाजियाबाद के 1012 घरों को शामिल किया गया है।

दो किलोवाट का प्लांट लगवाने के लिए अधिकतम 10 हजार रुपये अंशदान देना होगा। योजना का लाभ एक और दो किलोवाट स्वीकृत बिजली भार वाले घरेलू उपभोक्ताओं को मिलेगा। इसके लिए उपभोक्ताओं को सहमति फार्म भरना होगा, जिसमें नाम, बिजली कनेक्शन की खाता संख्या, मोबाइल नंबर, स्वीकृत बिजली भार, प्रस्तावित सोलर क्षमता और आवास का पता दर्ज करना होगा। फार्म पर हस्ताक्षर कर सहमति देने के बाद डिस्कॉम या सरकार की कार्यान्वयन एजेंसी की ओर से आवंटित वेंडर घर की छत पर सोलर प्लांट लगाएगा।

एक किलोवाट के सोलर प्लांट से प्रतिमाह करीब 100 यूनिट बिजली उत्पादन होने का अनुमान है, जिससे टैरिफ और खपत के अनुसार करीब 300 रुपये या इससे अधिक की मासिक बचत हो सकती है। वहीं, दो किलोवाट के प्लांट से करीब 200 यूनिट बिजली उत्पादित होगी और हर महीने 1000 से 1200 रुपये तक बिजली बिल कम होने का अनुमान है। नेट मीटर के माध्यम से बिजली के आयात-निर्यात और अतिरिक्त उत्पादित यूनिट का मासिक समायोजन किया जाएगा। सहमति फार्म की शर्तों के अनुसार केंद्र और राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी उपभोक्ता की बिजली खाता संख्या के विरुद्ध समायोजित की जाएगी। सब्सिडी के अतिरिक्त प्लांट की स्थापना या उससे संबंधित कोई अन्य खर्च होने पर उसे उपभोक्ता को स्वयं वहन करना होगा।

योजना के तहत सोलर प्लांट की पांच साल तक वेंडर की ओर से नि:शुल्क देखरेख की जाएगी। इन्वर्टर पर न्यूनतम आठ साल और सोलर पैनल पर 25 साल की प्रदर्शन वारंटी मिलेगी, जबकि पैनल की उत्पाद वारंटी न्यूनतम 10 साल निर्धारित है। मुख्य अभियंता नरेश कुमार भारती ने बताया कि जोन-1 में 346, जोन-2 में 287 और जोन-3 में 379 सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य है। डिवीजनवार सबसे अधिक 264 कनेक्शन मोदीनगर में लगाए जाएंगे। योजना की जानकारी के लिए उपभोक्ता बिजली हेल्पलाइन 1912, नजदीकी बिजलीघर या संबंधित अवर अभियंता से संपर्क कर सकते हैं।