पटना: राजधानी पटना स्थित बीजेपी कार्यालय पर पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की खबर सामने आई है। सामने आए वीडियो में कार्यालय पर सुनियोजित तरीके से पत्थर फेंके जाते दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की गई। पटना पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, बीजेपी कार्यालय से सटे मिलर स्कूल ग्राउंड में इन्फ्लुएंसर आर्यन केल्विन का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर वहां पहुंचे हुए थे। बताया जा रहा है कि काफी देर बाद आर्यन केल्विन पहुंचे और कुछ ही देर में वहां से रवाना हो गए। इसके बाद हंगामा शुरू हुआ और भीड़ बीजेपी कार्यालय तक पहुंच गई।

भीड़ ने आसपास तोड़फोड़ की और कार्यालय पर पत्थरबाजी की। बताया जा रहा है कि गाड़ियों, ठेले और दुकानों को भी नुकसान पहुंचाया गया। इस घटना में उपद्रवियों की ओर से पुलिस पर भी पत्थरबाजी की गई, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल बताए जा रहे हैं। मिलर स्कूल में तैनात कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी खबर है।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने लाठीचार्ज किया और उपद्रवियों को इधर-उधर भगाया। पुलिस के मुताबिक, हंगामा करने और पत्थर फेंकने वालों की पहचान की जा रही है और बहुत जल्द उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। पूरे मामले की जांच जारी है।