मौसम में बदलाव के साथ बिहार के कई शहरों की हवा प्रदूषित होने लगी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मंगलवार के आंकड़ों के अनुसार अररिया, सिवान और राजधानी पटना के राजवंशी नगर की हवा सबसे खराब रही। अररिया का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 218 दर्ज किया गया, जबकि राजवंशी नगर का 205 और सिवान का 204 एक्यूआई रहा।
पटना का औसत एक्यूआई 161 दर्ज हुआ। पटना सिटी का 171, समनपुरा का 157, दानापुर का 134 और मुरादपुर का 132 एक्यूआई रहा। प्रदेश के पूर्णिया, कटिहार, मोतिहारी, बेतिया, सहरसा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, गया, गोपालगंज, मधुबनी, औरंगाबाद, बक्सर और आरा की हवा मध्यम प्रदूषित श्रेणी में रही।
राजगीर, सीतामढ़ी, बेगूसराय, बिहारशरीफ, किशनगंज, मुंगेर, सासाराम और समस्तीपुर की हवा संतोषजनक पाई गई।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार ठंड के दिनों में कोहरे और तापमान में बदलाव से वातावरण में मौजूद प्रदूषकों का फैलाव प्रभावित होता है। कोहरे की स्थिति में धूल और धुएं के कण लंबे समय तक वातावरण में बने रहते हैं, जिससे प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है।
