बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात अकवान के प्रभाव से बिहार के कई जिलों में वर्षा हुई है, जिससे मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटे में चक्रवात का असर कमजोर पड़ेगा, जिसके बाद पछुआ हवाओं के प्रवाह से तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ेगी। खासकर सुबह और रात के समय कनकनी बढ़ने की संभावना है।
अगले 24 घंटे में प्रदेश के सभी भागों में कोहरा और आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। दक्षिण पूर्वी जिलों जमुई, मुंगेर, बांका, भागलपुर एवं खगड़िया में छिटपुट वर्षा की संभावना है। 48 घंटों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट का पूर्वानुमान है।
बीते 24 घंटे में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में वर्षा दर्ज की गई। शनिवार को भागलपुर के सबौर में सर्वाधिक 21.4 मिमी वर्षा हुई, जबकि नवादा के हिसुआ में 9.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। पटना सहित कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। मौसम में बदलाव के साथ पटना समेत 17 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 24.3 और न्यूनतम 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पूर्वी चंपारण में 30.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
पटना जिले के बाढ़ में 41 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली। मौसम विभाग के अनुसार मध्य क्षोभमंडल के ऊपर पश्चिमी हवाओं का ट्रफ बना हुआ है, जिसके प्रभाव से आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ धीरे-धीरे ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम में इस बदलाव को देखते हुए लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की जरूरत है।
