बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान 'अकवान' के कमजोर पड़ने के बावजूद उसका असर भागलपुर में बना हुआ है। तूफान के अवशेषों से आई नमी और ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण शनिवार को दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच रुक-रुककर बारिश हुई। कभी बूंदाबांदी तो कभी हल्की वर्षा से मौसम सुहाना हो गया और धूप की तल्खी गायब रही।

भागलपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे तक 0.8 मिलीमीटर और सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे के बीच 14.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस तरह सुबह से शाम तक कुल 15.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। हवा में नमी का स्तर सुबह 91 प्रतिशत से बढ़कर शाम को 98 प्रतिशत तक पहुंच गया, जबकि औसत हवा की गति छह किलोमीटर प्रति घंटे रही।

भारत मौसम विज्ञान विभाग भागलपुर केंद्र के विज्ञानी अनुपम नाहर के अनुसार, चक्रवाती तूफान 'अकवान' के अवशेष 20 नवंबर की रात 11:30 बजे दक्षिण ओडिशा के ऊपर अवदाब के रूप में मौजूद थे। यह कमजोर होकर मध्य ओडिशा के ऊपर सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में बदल गया और 21 नवंबर की सुबह 5:30 बजे उत्तर आंतरिक ओडिशा के ऊपर निम्न दबाव क्षेत्र में परिवर्तित हो गया। सुबह 8:30 बजे तक इसका प्रभाव उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंच गया था। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तृत है और ऊंचाई के साथ इसका झुकाव दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यही ऊपरी परिसंचरण और इससे जुड़ी नमी भागलपुर सहित आसपास के इलाकों में बादलों की सक्रियता बनाए रखने में भूमिका निभा रही है।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को सुबह आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा या बूंदाबांदी की संभावना है। दोपहर के आसपास भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन इसकी तीव्रता में कमी आने के संकेत हैं। दोपहर बाद वर्षा की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होंगी और शाम तक आसमान साफ होने की संभावना है। हालांकि, देर रात एक छितराया वर्षा बैंड क्षेत्र से गुजर सकता है, जिसके प्रभाव से कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।